स्पोर्ट्स डेस्क :महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का सफर समाप्त हो गया। रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए अपने अंतिम लीग मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दक्षिण अफ्रीका की बांग्लादेश पर जीत के बाद भारत के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ की स्थिति में था, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 170 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 56 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। हरमनप्रीत ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी के एक ओवर में लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़कर भारतीय पारी को मजबूती दी।
भारत को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े। शेफाली ने 26 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि जेमिमा रॉड्रिग्स 34 रन बनाकर चोटिल होने के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गईं। अंत में हरमनप्रीत की तेजतर्रार पारी की बदौलत भारत सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में रेणुका सिंह ने जॉर्जिया वोल (4) को आउट कर भारत को सफलता दिलाई। इसके बाद श्री चरणी ने फीबी लिचफील्ड को 24 रन पर पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने संयमित खेल दिखाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया और छह विकेट से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम में एक बदलाव किया गया था। नंदनी की जगह क्रांति गौड को अंतिम एकादश में शामिल किया गया, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अलाना किंग के स्थान पर फीबी लिचफील्ड को मौका दिया।
इस हार के साथ भारत का महिला टी20 विश्व कप 2026 अभियान समाप्त हो गया, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप चरण में अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए लगातार पांचवीं जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बना ली।


