डेस्क : अभिनेता और सांसद रवि किशन इन दिनों अपने बयानों और अंदाज को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में हैं। उनके डांस मूव्स से लेकर हालिया इंटरव्यू के बयान तक, कई चीजें इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। इसी बीच रवि किशन ने अपनी पत्नी प्रीति शुक्ला से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा किया है।
रवि किशन ने न्यूज 18 के एक सेगमेंट में बताया कि उनकी पत्नी अब उनकी बढ़ती वायरल लोकप्रियता से मजाकिया अंदाज में परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पत्नी ने बच्चों से यहां तक कह दिया कि रवि किशन को कमरे में बंद कर दो, ताकि वे घर से बाहर न निकलें और वायरल न हों।
अभिनेता के मुताबिक, उनकी पत्नी ने कहा, “तुम घर से निकलते हो तो वायरल होते हो। इन्हें यहीं कमरे में बंद कर देते हैं। न ये निकलेंगे, न वायरल होंगे।” पत्नी की यह बात सुनकर रवि किशन ने अपने बिग बॉस के दिनों को भी याद किया।
बिग बॉस में जाने की सलाह भी पत्नी ने दी थी
रवि किशन ने बताया कि करियर के एक दौर में वह लगातार काम कर रहे थे। एक समय वह एक साथ 17 फिल्मों में काम कर रहे थे और तीन शिफ्टों में शूटिंग किया करते थे। व्यस्तता इतनी थी कि सेट के बीच मिलने वाले समय में वह अपनी कार में ही सो जाते थे।
रवि किशन के अनुसार, उनकी पत्नी को लगा कि काम के दबाव के कारण वह खुद को बहुत ज्यादा थका रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने रवि किशन को बिग बॉस में जाने की सलाह दी। अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी पत्नी ने उन्हें बिग बॉस में भेजकर वहां “बंद” कर दिया था।
वायरल मीम्स से भी चर्चा में आए
रवि किशन हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई वजहों से वायरल हुए हैं। राज शमानी के पॉडकास्ट में उनकी कही एक बात पर खूब मीम बने। इसके बाद उनके स्टेज डांस के वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे। लगातार वायरल हो रही इन गतिविधियों के बीच पत्नी की यह टिप्पणी अब चर्चा का विषय बन गई है।
रवि किशन और प्रीति शुक्ला की शादी 1993 में हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं।








