पहले 50 लाख लूटे, फिर लौटे बदमाश; वकील के घर से 3.15 करोड़ ले गए

0

डेस्क  :  हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बदमाशों ने एक ही घर को दूसरी बार निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। थानेसर शहर में चार नकाबपोश बदमाशों ने वरिष्ठ अधिवक्ता बलवंत सिंह वालिया के घर में घुसकर उन्हें और उनकी पत्नी को बंधक बना लिया। हथियार के बल पर बदमाशों ने करीब 3.15 करोड़ रुपये के नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि बदमाशों ने दावा किया कि मार्च में इसी घर में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी भी उन्होंने ही की थी।

कुत्ते को घुमाने गए थे वकील

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, बलवंत सिंह वालिया गुरुवार रात करीब 9:30 बजे अपने पालतू कुत्ते को घुमाने घर से बाहर गए थे। करीब आधे घंटे बाद जब वह लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ था। उनकी पत्नी बिस्तर पर औंधे मुंह पड़ी थीं। उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और मुंह पर टेप लगी थी।

घर में मौजूद चार नकाबपोश बदमाशों ने वकील को भी काबू कर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दंपती के साथ मारपीट की और बंदूक की नोक पर डिजिटल लॉकर खोलने को कहा।

‘मार्च में भी हम ही आए थे’

बदमाशों ने वकील को बताया कि 20 मार्च को उनके घर में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी के पीछे भी वही लोग थे। उस समय वे डिजिटल लॉकर नहीं खोल पाए थे। बदमाशों ने धमकी दी कि इस बार लॉकर नहीं खोले तो दोनों को गोली मार देंगे।

जान बचाने के लिए वकील ने लॉकर की चाबियां सौंप दीं और दोनों डिजिटल लॉकर खोल दिए। इसके बाद बदमाशों ने करीब 17 से 20 लाख रुपये नकद, डेढ़ से दो किलोग्राम सोने के आभूषण, करीब चार किलोग्राम चांदी के सामान, चांदी के बर्तन व मूर्तियां, लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया।

CCTV कैमरे तोड़े, DVR भी ले गए

वारदात के बाद बदमाशों ने घर में लगे चार सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और उनका DVR भी अपने साथ ले गए। जाते समय उन्होंने दंपती को धमकी दी कि उन्हें अभी 80 लाख रुपये और चाहिए तथा वे दोबारा लौटेंगे। पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाशों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और फरार हो गए।

बदमाशों के जाने के बाद दंपती ने शोर मचाया। पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। थानेसर सिटी पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) और स्थानीय पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। शहर में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस ने अधिवक्ता के घर पर सुरक्षा भी तैनात कर दी है। मामले में बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।