चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा, निजी बस सड़क से नीचे गिरी; 7 यात्रियों की मौत, 11 घायल

0

शिमला : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। हादसा तीसा थाना क्षेत्र के तहत बैरागढ़ के पास चालूंज मोड़ पर हुआ। मृतकों में बस का चालक और परिचालक भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, निजी कंपनी की बस शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। चालूंज मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चली गई और पलटते हुए दूसरी सड़क पर जा पहुंची। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को जानकारी दी।

छह घायल चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर

हादसे में घायल 11 यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें छह घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा रेफर किया गया है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस, एनडीआरएफ समेत कई टीमें राहत कार्य में जुटीं

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग और एनडीआरएफ की टीमों को लगाया गया। टीमों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल को घटनास्थल के लिए भेज दिया गया था। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे की वजह स्पष्ट नहीं

फिलहाल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब हिमाचल प्रदेश में मानसून सक्रिय है और कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों से संवेदनशील सड़क मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।