नई दिल्ली : मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और पुलिसकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की के आरोप में यह कार्रवाई की है।
बुधवार को कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्रता की।
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। पुलिस अब प्रदर्शन से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच कर रही है और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है।
विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का पालन कराना जरूरी था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।







