प्रेमी को दिल्ली बुला रही थी 17 साल की लड़की, चचेरे भाई ने कर दी हत्या

0

नई दिल्ली :  दिल्ली के बुराड़ी इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मृतका के 26 वर्षीय चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि लड़की के प्रेम संबंध से नाराज होकर आरोपी ने उसकी गला घोंटकर हत्या की और शव को ब्रीफकेस में भरकर फेंक दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अविनाश के रूप में हुई है, जो भलस्वा डेरी के मुकुंदपुर इलाके में रहता है और मूल रूप से बिहार के बक्सर का रहने वाला है। मृतका का नाम पुलिस ने रंजना (परिवर्तित नाम) बताया है। वह गांव में रहती थी और पहले भी एक युवक के साथ घर से जा चुकी थी। परिवार के लोगों ने उसे वापस लाया था। करीब चार दिन पहले अविनाश उसे अपने साथ दिल्ली लेकर आया था।

प्रेमी को दिल्ली बुलाने की बात से नाराज था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि दिल्ली आने के बाद भी किशोरी अपने प्रेमी के संपर्क में थी और फोन पर उससे बातचीत कर रही थी। पुलिस के अनुसार, जब अविनाश को पता चला कि वह अपने प्रेमी को दिल्ली बुला रही है तो वह नाराज हो गया। आरोप है कि इसी के बाद उसने हत्या की योजना बनाई।

रविवार रात आरोपी किशोरी को मुकुंदपुर से सटी पिंकी चौधरी कॉलोनी में अपने दोस्त की दुकान पर ले गया। पुलिस के मुताबिक, देर रात वहां उसने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ब्रीफकेस में बंद कर दिया और सोमवार तड़के करीब चार बजे उसे इलाके में फेंककर घर लौट आया।

मुखबिर की सूचना से खुला मामला

मामले की जांच के दौरान आउटर नॉर्थ स्पेशल स्टाफ को एक मुखबिर से आरोपी पर शक होने की जानकारी मिली। पुलिस ने अविनाश से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर सोमवार रात बुराड़ी इलाके से ब्रीफकेस में रखा शव बरामद कर लिया गया।

बुराड़ी पुलिस को सौंपी गई जांच

शव बरामद होने के बाद आउटर नॉर्थ पुलिस ने बुराड़ी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बुराड़ी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए। दोनों घटनास्थल अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जुड़े होने के कारण आगे की जांच बुराड़ी पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस अब हत्या की परिस्थितियों और आरोपी के मकसद की विस्तृत जांच कर रही है।