पुलिसकर्मी बनकर नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, एक आरोपी एनकाउंटर में पकड़ा गया

0

नई दिल्ली : दक्षिण दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, तीन युवकों ने कथित तौर पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर नाबालिग और उसके दोस्त को धमकाया और इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग सोमवार शाम करीब सात बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों करीब साढ़े सात बजे मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क गए। आरोप है कि वहां 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए दोनों को धमकाने लगे।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने लड़की के दोस्त को अलग कर दिया और नाबालिग के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 8:45 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजा और उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया। मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एक आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं। जांच के दौरान आरोपी आसिफ के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने अमर कॉलोनी इलाके में उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी।

पुलिस अब फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। उनकी पहचान और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए पार्क तथा आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं और मामले की जांच जारी है।