राहुल गांधी का पीएम मोदी और अमित शाह पर हमला, बोले- हम इनको पागल कर देंगे

0

नई दिल्ली :  कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। नई दिल्ली के मावलंकर हॉल में आयोजित रचनात्मक कांग्रेस सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सरकार लोगों की आवाज नहीं सुनना चाहती और विपक्ष अब मजबूती से अपनी बात रखेगा। उन्होंने कहा, “हम इनको पागल कर देंगे।”

राहुल गांधी ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र अपनी आवाज उठाना चाहते थे, लेकिन सरकार ने उन्हें रोकने की कोशिश की। उन्होंने उत्तराखंड की एक बलात्कार पीड़िता के परिवार से मुलाकात का भी जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें न्याय नहीं मिला। राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों की बात सुनने को तैयार नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी रात में नहीं सोते और इसके कई कारण हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से उन्हें सूचनाएं मिलती हैं।

अमित शाह पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने उन्हें ‘चाणक्य’ और ‘सरदार पटेल’ कहे जाने का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शाह करीब 20 दिन तक संसद में नहीं आए और कहा कि वह पहली बार भारत की अभिव्यक्ति का सामना कर रहे थे।

राहुल गांधी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति आदेश देने वाले से डर जाएगा तो अपनी बात खुलकर नहीं रख पाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि डरने की जरूरत नहीं है और जो दिल में है, उसे खुलकर कहना चाहिए।

सम्मेलन में राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि RSS का इस्तेमाल बड़े पूंजीगत हितों के लिए किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि RSS को दबाने की कोशिश होगी तो कांग्रेस उसकी अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा के लिए तैयार है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से प्रेस कॉन्फ्रेंस करने को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वह पहले प्रधानमंत्री के प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने को मार्केटिंग रणनीति मानते थे, लेकिन उनके साथ कुछ समय बिताने के बाद उन्हें लगा कि प्रधानमंत्री लंबे समय तक बोल नहीं सकते।