राहुल गांधी ने किया फोन, राहुल बोंडरे ने बदला भाजपा में जाने का फैसला

0

डेस्क : महाराष्ट्र के बुलढाना जिले की चिखली विधानसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक राहुल बोंडरे के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच राजनीतिक घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राहुल बोंडरे से फोन पर बातचीत कर उन्हें पार्टी में बने रहने के लिए कहा। इसके बाद बोंडरे ने भाजपा में शामिल होने का अपना फैसला बदल दिया।

रिपोर्ट के अनुसार, राहुल बोंडरे ने हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा में शामिल होने का संकेत दिया था। भाजपा की चिखली विधायक श्वेता महाले ने भी उनके 22 सितंबर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होने की जानकारी दी थी। हालांकि, इससे पहले ही राहुल गांधी ने बोंडरे से फोन पर बातचीत की।

बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने बोंडरे से कांग्रेस में बने रहने का आग्रह किया। उन्होंने पार्टी के लिए बोंडरे की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को उनकी जरूरत है। राहुल गांधी से बातचीत के बाद बोंडरे ने अपना निर्णय बदलने का फैसला किया।

बोंडरे ने कहा कि राहुल गांधी ने फोन कर उनका हालचाल जाना और उनसे पार्टी के साथ बने रहने को कहा। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, वह कांग्रेस और राहुल गांधी के साथ काम करते रहेंगे।

राहुल बोंडरे चिखली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा की श्वेता महाले से 3,702 मतों के अंतर से हार गए थे। महाले को 1,09,212 वोट मिले थे, जबकि बोंडरे के पक्ष में 1,06,011 मत पड़े थे।