डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने उन्हें ‘नाराज फूफा’ कहकर तंज कसा। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में जब भी कोई बड़ा काम होता है या विकास की कोई नई परियोजना शुरू होती है, कुछ लोग उसमें भी कमी निकालने लगते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोगों की आदत ऐसी हो गई है कि वे हर काम का विरोध करते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की तुलना परिवार के उस ‘नाराज फूफा’ से की, जो हर आयोजन में पहुंचकर कमियां गिनाने लगता है। प्रधानमंत्री ने तंज करते हुए कहा कि अब ‘नाराज फूफा’ को भी काम मिल गया है।
‘झूठ की गूंज’ का भी जिक्र
प्रधानमंत्री ने विपक्ष की ओर से चलाए जा रहे अभियानों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोग युवाओं को भ्रमित करने के लिए तरह-तरह की बातें करते हैं। उन्होंने ‘झूठ की गूंज’ का जिक्र करते हुए कहा कि झूठ की आवाज कुछ समय तक सुनाई दे सकती है, लेकिन अंततः सच्चाई की ही जीत होती है।
उन्होंने कहा कि भारत का युवा देश को विकसित बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। युवाओं की ऊर्जा और क्षमता देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें रेलवे, सड़क और माल ढुलाई से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे के 326 किलोमीटर लंबे तीन महत्वपूर्ण खंडों को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इन परियोजनाओं से माल ढुलाई की क्षमता बढ़ने के साथ औद्योगिक क्षेत्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा देश की आर्थिक गति को मजबूत करने के साथ रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा करता है।








