नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री सबसे पहले राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भी हिस्सा लिया।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विजय घाट पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। देशभर में आज गांधी जयंती और शास्त्री जयंती मनाई जा रही है।
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर देशभर में उनके सत्य, अहिंसा, शांति और स्वच्छता के संदेश को याद किया जा रहा है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री को उनके सादगीपूर्ण जीवन, राष्ट्रसेवा और देश के प्रति समर्पण के लिए श्रद्धापूर्वक याद किया जा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में जारी संघर्ष के बीच गांधीजी का शांति और अहिंसा का संदेश आज और अधिक प्रासंगिक हो गया है।








