राष्ट्रीय खेल सम्मान: 17 सितारों को अर्जुन अवॉर्ड, खेल रत्न खाली

0

स्पोर्ट्स डेस्क : युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने मंगलवार, 18 अगस्त को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी। इस वर्ष 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं, देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है।

अर्जुन पुरस्कार पाने वालों की सूची में एथलेटिक्स के तेजस्विन शंकर, शतरंज के विदित गुजराती और दिव्या देशमुख, बैडमिंटन की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद, मुक्केबाज नरेंद्र, हॉकी खिलाड़ी लालरेम्सियामी और राजकुमार पाल सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं।

ये 17 खिलाड़ी पाएंगे अर्जुन पुरस्कार

  1. तेजस्विन शंकर — एथलेटिक्स
  2. मुहम्मद अजमल वी — एथलेटिक्स
  3. प्रियंका गोस्वामी — एथलेटिक्स
  4. ट्रीसा जॉली — बैडमिंटन
  5. पुलेला गायत्री गोपीचंद — बैडमिंटन
  6. नरेंद्र — मुक्केबाजी
  7. विदित संतोष गुजराती — शतरंज
  8. दिव्या जितेंद्र देशमुख — शतरंज
  9. धनुष श्रीकांत — डीफ शूटिंग
  10. लालरेम्सियामी — हॉकी
  11. राजकुमार पाल — हॉकी
  12. सुरजीत — कबड्डी
  13. पूजा — कबड्डी
  14. रुद्रांश खंडेलवाल — पैरा शूटिंग
  15. एकता भ्यान — पैरा एथलेटिक्स
  16. अरविंद सिंह — रोइंग
  17. अखिल शेओरान — शूटिंग

खेल रत्न के लिए कोई नाम नहीं

इस साल मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए किसी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया। यह पिछले वर्ष से अलग फैसला है, जब चार खिलाड़ियों को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान से नवाजा गया था।

चयन समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा ने की थी। समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने विभिन्न खेल पुरस्कारों के लिए नामों को अंतिम मंजूरी दी।

आई. अरुमैनायगम को लाइफटाइम अर्जुन पुरस्कार

पूर्व भारतीय फुटबॉलर आई. अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) से सम्मानित किया जाएगा। वे 1962 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय फुटबॉल टीम के सदस्य रहे हैं।

इसके अलावा पांच प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार और पुणे स्थित आर्मी पैरालिंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चुना गया है।

सरकार के अनुसार राष्ट्रीय खेल पुरस्कार खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व, खेल भावना तथा खेलों के विकास में उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए दिए जाते हैं।