रकुल प्रीत सिंह का बड़ा दावा, कहा- बीस साल की उम्र से भर रही हूं ईमानदारी से कर

0

डेस्क : अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने अपने ठिकानों से जुड़ी आयकर विभाग की तलाशी की खबरों पर पहली बार औपचारिक बयान जारी किया है। अभिनेत्री ने इन खबरों को गलत और तथ्यहीन बताते हुए स्पष्ट किया कि हाल में हुई आयकर विभाग की कार्रवाई उनके खिलाफ नहीं थी।

रकुल ने सोशल मीडिया पर साझा किए अपने बयान में कहा कि कुछ ऑनलाइन रिपोर्ट्स और मीडिया रिपोर्ट्स में बिना तथ्यों की पुष्टि किए खबरों को सनसनीखेज तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में स्थिति स्पष्ट करना चाहती हैं और बताना चाहती हैं कि हाल में हुई सर्च उनके संबंध में नहीं थी।

20 साल की उम्र से भर रही हूं टैक्स

अभिनेत्री ने कहा कि वह आर्मी बैकग्राउंड से आती हैं और फिल्म इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं रहा। उन्होंने अपनी पहचान अपनी मेहनत के दम पर बनाई है। रकुल के मुताबिक, वह 20 साल की उम्र से नियमित रूप से अपने टैक्स का भुगतान करती आ रही हैं और खुद को एक जिम्मेदार नागरिक मानती हैं।

विदेशी लेन-देन और बेनामी संपत्ति से भी किया इनकार

रकुल प्रीत सिंह ने अपने बयान में किसी भी तरह के अवैध विदेशी लेन-देन में शामिल होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस की ओर से किसी गैरकानूनी विदेशी रेमिटेंस में शामिल नहीं हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि देश या विदेश में उनके नाम पर अथवा उनकी ओर से किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर कोई बेनामी संपत्ति नहीं है। रकुल ने कहा कि उन्हें कभी किसी ने कोई संपत्ति गिफ्ट नहीं की और वह महंगे तोहफे स्वीकार करने के सिद्धांत में विश्वास नहीं रखतीं।

गलत खबरें वापस लेने की अपील

रकुल ने अपने बारे में प्रकाशित कथित गलत और अटकलों पर आधारित खबरों को वापस लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मीडिया संस्थानों पर व्यावसायिक दबाव हो सकता है, लेकिन उसकी कीमत तथ्यों और किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा की कीमत पर नहीं चुकाई जानी चाहिए।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मुंबई में रकुल प्रीत सिंह, फिल्म निर्माता वासु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े कई ठिकानों पर आयकर विभाग की तलाशी की खबर सामने आई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच कथित वित्तीय अनियमितताओं और विदेश में फंड ट्रांसफर से जुड़े मामलों पर केंद्रित थी।

‘रामायण’ में नजर आएंगी रकुल

वर्कफ्रंट की बात करें तो रकुल प्रीत सिंह जल्द ही फिल्म ‘रामायण’ में शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे।