डेस्क : संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक, आपत्तिजनक और भद्दी भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने ऐसे कंटेंट को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ से कार्रवाई करने को कहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ से अपमानजनक वीडियो और अन्य आपत्तिजनक सामग्री को हटाने के लिए कहा है। साथ ही, पुलिस ने ऐसे कंटेंट को पोस्ट या प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान से जुड़ी जानकारी भी मांगी है। इसमें संबंधित लोगों के नाम और पते की जानकारी शामिल है।
पुलिस का यह कदम सोशल मीडिया पर संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक सामग्री के प्रसार को रोकने की दिशा में उठाया गया है। इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा और सामग्री के इस्तेमाल को लेकर पुलिस अब सख्ती से कार्रवाई करने की तैयारी में है।








