डेस्क : कॉक्रोच जनता पार्टी के प्रवक्ता पद से हटाए जाने के बाद विजयता दहिया ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दहिया का दावा है कि उन्हें पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके की ओर से पहले इस्तीफा देने के लिए कहा गया था और बाद में उन्हें पद से हटा दिया गया। हालांकि, पार्टी की ओर से दहिया को तत्काल प्रभाव से प्रवक्ता पद और सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से हटाने की घोषणा की गई है।
यह विवाद उस समय सामने आया जब जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन के दौरान दहिया के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वीडियो को लेकर उनकी आलोचना हुई और पार्टी ने उनके आचरण को आंदोलन के मूल्यों के विपरीत बताते हुए कार्रवाई की।
दहिया ने अपनी सफाई में कहा कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने खाना खाया तो इसमें कुछ गलत नहीं था। उन्होंने आलोचनाओं को निरर्थक सोच बताते हुए कहा कि वह अपनी इच्छा और देश के लिए काम कर रहे हैं तथा किसी के प्रति जवाबदेह नहीं हैं।
वहीं, पार्टी ने अपने बयान में दहिया के व्यवहार को असंवेदनशील और अस्वीकार्य बताया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पार्टी के भीतर मतभेद और नेतृत्व के साथ दहिया के संबंधों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब दहिया के दावे और पार्टी के फैसले को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।








