शादी से इनकार पर रिश्तेदार ने युवती को मारी गोली, आरोपी आकाश फरार

0

जयपुर : राजधानी जयपुर के सीतापुरा इलाके में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर एक 20 वर्षीय युवती को उसके रिश्तेदार ने कथित तौर पर गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी आकाश मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे की है। युवती उस समय अपने किराए के फ्लैट में अकेली थी। उसकी मां और भाई दुकान पर गए हुए थे। इसी दौरान धौलपुर निवासी आकाश बाइक से हेलमेट पहनकर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने युवती के सीने में गोली मारी और मौके से फरार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। युवती को खून से लथपथ देखकर परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

युवती मूल रूप से भरतपुर की रहने वाली है और जयपुर में अपनी मां तथा भाई के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

एक साल से शादी का दबाव

युवती की मां ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि आकाश करीब एक साल से उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती द्वारा शादी से इनकार करने पर आरोपी कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी देता था।

परिजनों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले युवती की मां आरोपी के घर भी गई थीं। वहां उसके परिवार ने आश्वासन दिया था कि आकाश आगे से युवती को परेशान नहीं करेगा और शादी के लिए दबाव नहीं बनाएगा। इसके बावजूद आरोपी ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस वारदात के पीछे के कारणों और आरोपी तथा पीड़िता के बीच संबंधों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।