जयपुर : केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके राजनीतिक सफर पर सवाल उठाए हैं। शेखावत ने क्रिकेट, तकनीक, सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत के उदाहरणों के जरिए राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में कई क्षेत्रों में शुरू हुई यात्राओं ने आगे चलकर बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन राहुल गांधी की राजनीति आज भी सवालों के घेरे में है।
धोनी से लेकर प्रियंका चोपड़ा तक का जिक्र
शेखावत ने अपने सोशल मीडिया संदेश में भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का उदाहरण दिया। धोनी ने वर्ष 2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था और आगे चलकर भारतीय टीम के कप्तान बने। उन्होंने अपनी उपलब्धियों से क्रिकेट जगत में अलग पहचान बनाई।
केंद्रीय मंत्री ने फेसबुक और जीमेल की शुरुआत का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने यूट्यूब, गूगल मैप्स, मारुति सुजुकी स्विफ्ट और महिंद्रा स्कॉर्पियो जैसे नामों का जिक्र किया। मनोरंजन जगत से उन्होंने प्रियंका चोपड़ा का उदाहरण देते हुए उनके वर्ष 2000 में मिस वर्ल्ड बनने और बाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की बात कही।
राहुल गांधी की राजनीतिक यात्रा पर सवाल
इन उदाहरणों के माध्यम से शेखावत ने राहुल गांधी की राजनीतिक यात्रा पर तंज कसा। उनका निशाना कांग्रेस नेता के राजनीतिक अनुभव, उपलब्धियों और प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को लेकर था। शेखावत ने कांग्रेस की राजनीति में परिवार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
शेखावत का यह बयान भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच आया है। उनके वक्तव्य में अलग-अलग क्षेत्रों में समय के साथ हुए बदलावों की तुलना राहुल गांधी के राजनीतिक सफर से की गई है।








