सलमान खान और राजकुमार संतोषी की फिर बनेगी जोड़ी, 32 साल बाद साथ करेंगे काम

0

डेस्क : अभिनेता सलमान खान और निर्देशक राजकुमार संतोषी की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर साथ नजर आ सकती है। दोनों ने 32 साल पहले 1994 में रिलीज हुई फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ में साथ काम किया था। अब राजकुमार संतोषी ने सलमान खान के साथ एक नए प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत की पुष्टि की है।

राजकुमार संतोषी इन दिनों अपनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने टाइम्स नाउ से बातचीत में सलमान खान के साथ अपनी अगली फिल्म को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सलमान के साथ फिल्म को लेकर बातचीत चल रही है और यह प्रोजेक्ट जल्द ही लॉक हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों की अगली फिल्म कॉमेडी जॉनर की हो सकती है।

‘अंदाज अपना अपना’ ने बनाई थी खास पहचान

सलमान खान और राजकुमार संतोषी की पिछली फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ 4 नवंबर 1994 को रिलीज हुई थी। फिल्म में सलमान खान के साथ आमिर खान, रवीना टंडन, करिश्मा कपूर, परेश रावल और शक्ति कपूर जैसे कलाकार नजर आए थे। रिलीज के समय फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई थी, लेकिन बाद के वर्षों में इसे कल्ट कॉमेडी का दर्जा मिला।

फिल्म के संवाद, किरदार और कॉमेडी आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। यही वजह है कि सलमान खान और राजकुमार संतोषी की दोबारा साथ आने की खबर ने ‘अंदाज अपना अपना’ के प्रशंसकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।

नई फिल्म में क्या होगा खास?

फिलहाल सलमान खान और राजकुमार संतोषी की नई फिल्म के नाम, कहानी और कलाकारों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, अगर यह प्रोजेक्ट कॉमेडी फिल्म के तौर पर आगे बढ़ता है तो दर्शकों को एक बार फिर संतोषी के निर्देशन में सलमान खान का अलग अंदाज देखने को मिल सकता है।

राजकुमार संतोषी की हालिया फिल्म ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और अभिमन्यु सिंह प्रमुख भूमिकाओं में हैं।