सऊदी अरब को 5 अरब डॉलर के हथियार बेचने की अमेरिका ने दी मंजूरी

0

वॉशिंगटन : अमेरिका ने सऊदी अरब को करीब 5 अरब डॉलर के हथियार और सैन्य उपकरण बेचने की मंजूरी दी है। इस पैकेज में बम, गाइडेंस किट और अन्य रक्षा उपकरण शामिल हैं। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल के युद्ध के बीच सऊदी अरब को लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ रहा है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि प्रस्तावित हथियार सौदा सऊदी अरब की हवाई रक्षा क्षमता को मजबूत करेगा। इससे वह मौजूदा और भविष्य के क्षेत्रीय खतरों का मुकाबला करने के साथ-साथ अपने क्षेत्र की सुरक्षा बेहतर तरीके से कर सकेगा।

विभाग के मुताबिक, इस सौदे से सऊदी अरब की अमेरिकी सेनाओं और खाड़ी क्षेत्र के अन्य साझेदार देशों की सैन्य प्रणालियों के साथ समन्वय क्षमता भी बेहतर होगी।

अमेरिका ने कहा कि यह सौदा उसकी विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के उद्देश्यों को भी समर्थन देगा। सऊदी अरब अमेरिका का प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी है और उसकी सुरक्षा मजबूत करना दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

ईरानी हमलों के बीच अहम फैसला

अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद से सऊदी अरब को ईरानी बलों और तेहरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में अमेरिकी हथियार सौदे को सऊदी अरब की रक्षा क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने प्रस्तावित सौदे की जानकारी अमेरिकी कांग्रेस को दे दी है। हालांकि, हथियारों की बिक्री को अंतिम मंजूरी के लिए अब अमेरिकी सांसदों की स्वीकृति जरूरी होगी।