डेस्क : ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चल रही अटकलों के बीच ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में मोजतबा खामेनेई सामान्य और स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो कब का है, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
मेहर न्यूज ने पहली बार यह वीडियो जारी किया है। एजेंसी ईरान सरकार के इस्लामिक डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन से जुड़ी है। माना जा रहा है कि वीडियो के जरिए खामेनेई के स्वास्थ्य और उनके ठिकाने को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की कोशिश की गई है।
इजरायली मीडिया ने जताई थी गंभीर हालत की आशंका
इससे पहले शुक्रवार को इजरायली मीडिया में मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर दावे सामने आए थे। चैनल 14 ने ईरान के भीतर मौजूद सूत्रों के हवाले से दावा किया कि उनकी हालत ‘‘बेहद गंभीर’’ है। वहीं, द जेरूसलम पोस्ट ने ईरानवायर और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के प्रशासन के करीबी सूत्रों के हवाले से खामेनेई की स्थिति को लेकर चिंता की बात कही थी।
एक सूत्र ने तो यहां तक दावा किया था कि जल्द ही उनकी मौत की खबर सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
पिता की मौत के बाद संभाली थी सर्वोच्च नेता की जिम्मेदारी
मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को संयुक्त अमेरिका-इजरायल सैन्य हमले में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता का पद संभाला था। पद संभालने के बाद से उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई प्रत्यक्ष उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। उनकी ओर से अब तक मुख्य रूप से लिखित बयानों के माध्यम से संदेश सामने आते रहे हैं।
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि शुरुआती हमलों में मोजतबा खामेनेई घायल हुए थे और उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद उनके सार्वजनिक जीवन से पूरी तरह दूर रहने और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संपर्क के लिए मध्यस्थों के नेटवर्क का इस्तेमाल करने की बातें सामने आती रही हैं।
पेजेशकियन ने भी माना- सीधा संपर्क मुश्किल
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने एक सरकारी टीवी इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि मौजूदा परिस्थितियों में मोजतबा खामेनेई से सीधे संपर्क करना ‘‘बहुत मुश्किल’’ है। उनके इस बयान के बाद भी ईरान के सर्वोच्च नेता की वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल और गहरे हो गए।
जुलाई में सऊदी अरब के समाचार संगठन अल-हदथ ने एक इजरायली सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया था कि मोजतबा खामेनेई ईरान में मौजूद नहीं हैं। इसी दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व को खत्म कर दिया गया है और खामेनेई ‘‘90 प्रतिशत जा चुके हैं’’ तथा सैन्य अभियान के बाद प्रभावी रूप से incapacitated हैं।
ईरानी अधिकारियों का अलग दावा
हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने लगातार इन दावों को खारिज या कमतर बताया है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने पहले उनके शुरुआती घावों को सतही बताया था। वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों का कहना है कि मोजतबा खामेनेई अभी भी देश के रणनीतिक फैसलों पर नजर रख रहे हैं और आवश्यक निर्देश जारी कर रहे हैं।
इसके बावजूद उनकी लंबे समय से सार्वजनिक अनुपस्थिति और लाइव प्रसारण में सामने न आने के कारण उनकी सेहत, वास्तविक स्थिति और नेतृत्व की क्षमता को लेकर अटकलों का दौर जारी है। मेहर न्यूज की ओर से जारी नया वीडियो इन अटकलों को शांत करने की ईरान की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि वीडियो की तारीख स्पष्ट नहीं होने के कारण सवाल पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं।







