नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हॉस्टल की इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के बाद से फरार चल रहे इमारत के मालिक हरिराम बंसल को दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से हिरासत में लिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद हरिराम बंसल लगातार फरार था। उसकी तलाश में दिल्ली पुलिस की 10 टीमें लगाई गई थीं और कई राज्यों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया था। आखिरकार उसे भिवाड़ी से हिरासत में लिया गया।
गैर-इरादतन हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
साउथ कैंपस थाने में इमारत के मालिक हरिराम बंसल और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया है।
बेसमेंट में चल रहा था मरम्मत का काम
पुलिस के अनुसार, जिस इमारत का इस्तेमाल पेइंग गेस्ट (पीजी) के तौर पर किया जा रहा था, उसके बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा ढह गया और कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के कारणों और निर्माण एवं रखरखाव से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
हादसे में अब तक 7 छात्रों की मौत
सत्य निकेतन में हुए इस हादसे में अब तक 7 छात्रों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव अभियान के दौरान 12 लोगों को बाहर निकाला गया है, जबकि कुछ छात्रों के अब भी लापता होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस के साथ एनडीआरएफ, दमकल विभाग और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
हरिराम बंसल की हिरासत के बाद अब पुलिस उससे हादसे से जुड़े तमाम पहलुओं, इमारत की स्थिति, मरम्मत कार्य और सुरक्षा मानकों को लेकर पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








