स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स के 1,000 करोड़ रुपये के आईपीओ को सेबी की मंजूरी

0

डेस्क : फर्स्टक्राई की मूल कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशंस समर्थित स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स को 1,000 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से मंजूरी मिल गई है। कंपनी आईपीओ के जरिए पूंजी बाजार से धन जुटाने की तैयारी में है।

प्रस्तावित आईपीओ में 500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 500 करोड़ रुपये तक के शेयर ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के तहत पेश किए जाएंगे। ओएफएस के तहत ब्रेनबीज सॉल्यूशंस करीब 300 करोड़ रुपये और अनाद्या बोन मर्चारी एलएलपी करीब 200 करोड़ रुपये के शेयर बेच सकती है। कंपनी 100 करोड़ रुपये तक का प्री-आईपीओ प्लेसमेंट भी कर सकती है।

आईपीओ से जुटाई गई नई पूंजी में से करीब 198.2 करोड़ रुपये मध्य प्रदेश में नई विनिर्माण इकाई स्थापित करने पर खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 100 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान या पूर्व भुगतान के लिए किया जाएगा। कंपनी अपनी सहायक कंपनियों में करीब 27.5 करोड़ रुपये का निवेश भी करेगी। शेष राशि का उपयोग अधिग्रहण और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जा सकता है।

2018 में स्थापित स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स बेबी डायपर, वयस्क डायपर और महिला स्वच्छता उत्पादों का निर्माण करती है। कंपनी कडल्स और शील्ड ब्रांड के तहत उत्पाद बेचती है। कंपनी के मध्य प्रदेश के पीथमपुर और इंदौर में चार विनिर्माण संयंत्र हैं।

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का परिचालन से राजस्व बढ़कर 1,163.9 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 942.97 करोड़ रुपये था। इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ 80.67 करोड़ रुपये से बढ़कर 95.58 करोड़ रुपये हो गया।

सेबी की मंजूरी मिलने के बाद कंपनी आईपीओ की प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकेगी। हालांकि, निर्गम की तारीख, मूल्य दायरा और शेयरों के लॉट साइज की घोषणा बाद में की जाएगी।