डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। ट्रंप प्रशासन ने संघीय सरकार के आधिकारिक कामकाज में Artificial Intelligence (AI) की जगह Super Intelligence (SI) शब्द के इस्तेमाल का आदेश दिया है। यह आदेश लागू हो गया है और सरकारी दस्तावेजों, वेबसाइटों तथा आधिकारिक संचार में नए नाम के इस्तेमाल की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के कार्यकारी आदेश में सभी संघीय विभागों और एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि जहां कानूनी रूप से संभव हो, वहां ‘Artificial Intelligence’ और ‘AI’ की जगह ‘Super Intelligence’ और ‘SI’ शब्द का इस्तेमाल किया जाए। हालांकि, पहले से मौजूद कानूनों, नियमों, सरकारी अनुबंधों और ऐतिहासिक रिकॉर्ड में तत्काल बदलाव नहीं किया जाएगा।
तकनीकी क्षमता को दर्शाने की कोशिश
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता की तकनीक तेजी से विकसित हो रही है और इसकी क्षमताएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में ‘Super Intelligence’ शब्द इस क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलाव और भविष्य की संभावनाओं को अधिक व्यापक रूप से दर्शाता है।
आदेश में संबंधित अधिकारियों को ‘Super Intelligence’ और ‘SI’ की संघीय स्तर पर परिभाषा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा गया है। इसके साथ ही मौजूदा कानूनों में आवश्यक बदलावों के लिए प्रस्ताव तैयार करने की बात कही गई है।
इंटरनेट से भी बड़ा प्रभाव होने का दावा
ट्रंप ने AI से जुड़ी तकनीकी प्रगति को अमेरिका के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने संकेत दिया कि इस तकनीक का प्रभाव इंटरनेट और औद्योगिक क्रांति जैसे बड़े तकनीकी बदलावों से भी व्यापक हो सकता है। अमेरिका इस क्षेत्र में अपनी तकनीकी बढ़त बनाए रखने के लिए लगातार नई नीतियों पर काम कर रहा है।
यह घोषणा व्हाइट हाउस में तकनीकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के अधिकारियों के साथ ट्रंप की बैठक के बाद हुई। बैठक में तकनीक, राष्ट्रीय सुरक्षा और तेजी से बढ़ते डेटा सेंटरों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।








