डेस्क : पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों सहित तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों और असम की एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों की घोषणा के लिए शुक्रवार को मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल की दोनों सीटों पर भाजपा ने बढ़त बना रखी है, जबकि असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। तमिलनाडु की दो सीटों पर अलग-अलग दलों के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला जारी है। वहीं, पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी विधानसभा सीट पर ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक आनंद ने जीत दर्ज की है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट पर भाजपा उम्मीदवार हासीरानी रथ करीब 19 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। वहीं, रेजीनगर सीट पर भाजपा के शेखर सरकार ने लगभग 16 हजार वोटों की बढ़त बना ली है। दोनों सीटों पर भाजपा की बढ़त ने राज्य के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
नंदीग्राम और रेजीनगर पर सबकी नजर
पश्चिम बंगाल की दोनों विधानसभा सीटें राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। नंदीग्राम और रेजीनगर में मतदान के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, बूथ स्तर पर अनियमितताओं और छिटपुट झड़पों के आरोप सामने आए थे। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल लगभग 5.24 लाख मतदाताओं में से करीब 80 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। नंदीग्राम में 80.89 प्रतिशत और रेजीनगर में 80.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
रेजीनगर मुस्लिम बहुल क्षेत्र है, जहां पिछले चुनाव में हुमायूं कबीर ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में इस सीट के नतीजों को राज्य की राजनीतिक दिशा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
असम की नगांव सीट पर भाजपा आगे
असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शुरुआती रुझानों में बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना के दौरान उनकी बढ़त अलग-अलग चरणों में बढ़ती दिखाई दी। इस सीट पर पिछले दो लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, जबकि 2014 में भाजपा को सफलता मिली थी। ऐसे में नगांव का परिणाम असम में राजनीतिक दलों की स्थिति का आकलन करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।
तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी मुकाबला
तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर भी मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में मदुरांतकम सीट पर तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) और धारापुरम सीट पर अन्नाद्रमुक के उम्मीदवार आगे बताए गए।
वहीं, पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी विधानसभा सीट पर ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के अशोक आनंद ने जीत हासिल की। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार ई. विनयागम को करीब नौ हजार मतों से हराया। तीसरे स्थान पर द्रमुक के के. सेतु रहे। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस सीट को छोड़ने के बाद यहां उपचुनाव कराया गया था।
इन उपचुनावों के नतीजों पर राजनीतिक दलों की नजर टिकी हुई है। खासकर पश्चिम बंगाल की दोनों सीटों और असम की नगांव लोकसभा सीट के परिणाम संबंधित राज्यों में दलों की राजनीतिक स्थिति का संकेत दे सकते हैं।








