तरंग शक्ति 2026 में दिखी वैश्विक हवाई ताकत, आशुतोष दीक्षित ने देखा युद्धाभ्यास

0

जोधपुर : भारतीय वायुसेना के अगले प्रमुख नियुक्त किए गए एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने गुरुवार को जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर चल रहे बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास ‘तरंग शक्ति 2026’ का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वदेशी और विदेशी विमानों की भागीदारी वाले हवाई करतबों तथा जटिल संयुक्त युद्धाभ्यास का निरीक्षण किया। इस अभ्यास में विभिन्न देशों की वायु सेनाएं अपनी परिचालन क्षमताओं और हवाई शक्ति का प्रदर्शन कर रही हैं।

जोधपुर के रेगिस्तानी क्षेत्र के आसमान में विमानों की आकर्षक संरचनाओं और सामरिक युद्धाभ्यास ने इस आयोजन को खास बनाया। ‘पावर इन पार्टनरशिप’ यानी ‘साझेदारी में शक्ति’ की थीम पर आयोजित यह अभ्यास 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर चल रहा है। इसका उद्देश्य विभिन्न देशों की वायु सेनाओं के बीच सहयोग, समन्वय और संयुक्त परिचालन क्षमता को मजबूत करना है।

भारतीय विमानन क्षमता का प्रदर्शन कर रही सारंग टीम

इससे पहले भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम के कमांडिंग ऑफिसर और टीम लीडर ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कहा था कि उनकी टीम वायुसेना की ‘ब्रांड एंबेसडर’ के रूप में काम करती है। टीम देश-विदेश में हवाई प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय वायुसेना की पेशेवर दक्षता और विमानन क्षेत्र में भारत की प्रगति को प्रदर्शित करती है। साथ ही, युवाओं को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करती है।

उन्होंने बताया कि सारंग टीम का गठन वर्ष 2003 में स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों (एएलएच) को भारतीय वायुसेना में शामिल किए जाने के दौरान किया गया था। इन हेलीकॉप्टरों की क्षमताओं का परीक्षण करने के लिए शुरुआती दौर में मूल्यांकन उड़ानें संचालित की गई थीं।

31 अक्टूबर को संभालेंगे वायुसेना प्रमुख का पद

केंद्र सरकार ने वर्तमान में वायुसेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का 29वां प्रमुख नियुक्त किया है। वह 31 अक्टूबर की दोपहर से एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे। उनके नेतृत्व में भारतीय वायुसेना की परिचालन तैयारियों और अंतरराष्ट्रीय रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है।