विकास के लिए अपना घर भी छोड़ा, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुद चलाया पहला हथौड़ा

0

डेस्क : सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अपने पैतृक क्षेत्र अब्दालपुरा पहुंचकर सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई की शुरुआत की। उन्होंने अपने पैतृक मकान के प्रभावित हिस्से पर खुद हथौड़ा चलाया और विकास कार्य के लिए अपनी सहमति का संदेश दिया। इससे पहले उन्होंने मौके पर पूजा-अर्चना भी की।

खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए करीब 9.80 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। परियोजना की जद में कुल 272 भवन आ रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री मोहन यादव का पैतृक मकान भी शामिल है।

नगर निगम की ओर से सड़क की नपती और प्रभावित भवनों पर मार्किंग का काम पहले ही किया जा चुका है। संबंधित भवन मालिकों को नियमानुसार नोटिस भी दिए गए हैं। कई लोगों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए अपने मकानों के चिह्नित हिस्से को स्वयं हटाना शुरू कर दिया है।

प्रशासन के अनुसार सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और विकास कार्य किए जा रहे हैं। अब्दालपुरा मार्ग का विस्तार होने से स्थानीय लोगों के साथ ही शहर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री द्वारा अपने पैतृक मकान के प्रभावित हिस्से पर खुद हथौड़ा चलाए जाने को सड़क चौड़ीकरण अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरान नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।