‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर INDIA गठबंधन का बड़ा ऐलान, दो महीने में पांच बड़ी रैलियां

0

नई दिल्ली : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर INDIA गठबंधन ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। गठबंधन की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सभी सहयोगी दल इस मुद्दे पर एकजुट हैं। उन्होंने बताया कि 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ चलाया जाएगा।

अभियान के तहत गठबंधन के दल जिला स्तर पर जिलाधिकारी कार्यालयों की ओर मार्च निकालकर धरना देंगे। वहीं, 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसद निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करेंगे। गठबंधन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।

खरगे ने कहा कि ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर अक्टूबर और नवंबर में देशभर में पांच बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों की तारीख और स्थान जल्द तय किए जाएंगे। इसके अलावा INDIA गठबंधन अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगेगा और अपनी मांगों से उन्हें अवगत कराएगा।

चुनाव आयोग के सामने छह मांगें

INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग के सामने छह प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से मतदान, भविष्य के चुनावों में SIR से पहले की मतदाता सूची का इस्तेमाल, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आसान करना और मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे सूचना, कारण तथा अपील का अवसर देना शामिल है।

गठबंधन ने मतदाता सूची में विधानसभा और बूथ स्तर पर नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने तथा चुनाव आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग की है। साथ ही सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेकर चुनावी प्रक्रिया संचालित करने पर जोर दिया गया है।

हटाए गए मतदाताओं के नाम सार्वजनिक करने की मांग

खरगे ने SIR के तहत हटाए गए 13.3 करोड़ मतदाताओं के नाम और उनके नाम हटाने के कारण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को अपारदर्शी या अपर्याप्त निगरानी वाली प्रक्रिया के कारण मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने की भी मांग की। बैठक में चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून में हुए बदलाव का भी मुद्दा उठाया गया।

बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, उमर अब्दुल्ला और सुप्रिया श्रीनेत समेत INDIA गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे।