नई दिल्ली : यूजीसी नेट जून 2026 की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीनों विषयों की पुनर्परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित की जाएगी।
एनटीए के अनुसार, इन विषयों के प्रश्नपत्रों में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई थीं। शिकायतों के बाद गठित समिति ने प्रश्नपत्रों की जांच की, जिसमें तथ्यात्मक, टंकण और अनुवाद संबंधी त्रुटियों के साथ-साथ कुछ प्रश्नों के दोहराए जाने की बात सामने आई। इसके बाद एनटीए ने इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया।
सितंबर में होगी पुनर्परीक्षा
एनटीए ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए सितंबर में पुनर्परीक्षा कराने की घोषणा की है। परीक्षा की विस्तृत तारीख और समय से जुड़ी जानकारी एनटीए की ओर से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचना पर नजर बनाए रखें।
84 विषयों की प्रक्रिया पर असर नहीं
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र की पुनर्परीक्षा के कारण बाकी 84 विषयों की परिणाम प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। इन विषयों की उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया और इसके बाद परिणाम, जेआरएफ सीट आवंटन तथा सहायक प्रोफेसर और पीएचडी प्रवेश के लिए ई-प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।
यूजीसी नेट परीक्षा विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में सहायक प्रोफेसर की पात्रता तथा पीएचडी प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण परीक्षा है। ऐसे में तीन विषयों की पुनर्परीक्षा के फैसले से संबंधित अभ्यर्थियों को एक बार फिर परीक्षा की तैयारी करनी होगी।








