यूपी की सियासत में जुबानी जंग तेज, शिवपाल ने राजभर पर साधा निशाना

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर पलटवार किया। उन्होंने राजभर के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी बुद्धि भ्रमित हो गई है और उन्हें अच्छे डॉक्टर से इलाज कराने की जरूरत है।

शिवपाल यादव देवरिया के बरहज में समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद और समाजवादी चिंतक मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे ओमप्रकाश राजभर के उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने संबंधी बयान को लेकर सवाल किया गया था।

दरअसल, ओमप्रकाश राजभर ने हाल ही में उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने की बात कही थी। उन्होंने पूर्वांचल को अलग राज्य बनाए जाने की स्थिति में राजभर समाज के व्यक्ति को वहां का पहला मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात भी कही थी। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने राजभर की बातों को लेकर सवाल उठाए।

शिवपाल ने कहा कि राजभर की बातों को अब कोई गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि राजभर को अच्छा डॉक्टर नहीं मिल रहा है तो वह डॉक्टर का नाम बताने के लिए तैयार हैं।

इस दौरान शिवपाल यादव ने भाजपा पर भी निशाना साधा और राम मंदिर से जुड़े चंदे में कथित अनियमितता का मुद्दा उठाया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता उसके झांसे में नहीं आएगी। हालांकि, 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा उन्होंने राजनीतिक बयान के तौर पर किया।

श्रद्धांजलि सभा में शिवपाल यादव ने मोहन सिंह के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया। उन्होंने उन्हें प्रखर समाजवादी चिंतक बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर समाजवाद के सिद्धांतों के साथ काम किया और पूर्वांचल समेत प्रदेश की समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाया।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं में हुई धक्का-मुक्की को देखते हुए शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि सभी को संगठन में अनुशासन का पालन करना चाहिए।