युवाओं के समर्थन में विपक्ष की लामबंदी, राहुल गांधी सीजेआई के सामने उठाएंगे मुद्दा

0

डेस्क : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार, 12 अक्टूबर को कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ युवाओं के समर्थन में देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। राहुल गांधी ने मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत से मुलाकात कर दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के साथ कथित हिंसा और पुलिस की कार्रवाई का मुद्दा उठाने की भी बात कही है।

राहुल गांधी का यह बयान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद आया है। सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में लिए जाने के बाद अजिंक्य शिंदे को प्रदर्शन की कमान सौंपी गई है।

युवाओं के साथ आंदोलन तेज करने की तैयारी

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस और भाजपा से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और युवाओं के साथ हिंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस की कार्रवाई से युवाओं का आक्रोश कम होने के बजाय बढ़ेगा। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन इस मुद्दे पर पीछे हटने वाले नहीं हैं।

उन्होंने घोषणा की कि 12 अक्टूबर को कांग्रेस, INDIA गठबंधन और देश के युवा बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरेंगे। उनके मुताबिक, इस बार विरोध की आवाज पहले से अधिक व्यापक होगी।

सीजेआई से मुलाकात कर उठाएंगे मुद्दा

राहुल गांधी ने कहा कि वह मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मिलकर प्रदर्शनकारियों के साथ हुई कथित हिंसा और कानून के पालन से जुड़े सवाल उठाएंगे। विपक्ष इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है।

इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का आंदोलन है। विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। हालांकि, चुनाव आयोग और भाजपा विपक्ष के आरोपों को खारिज करते रहे हैं।