डेक : दमदार अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। चार दशक से अधिक समय तक बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने वाले सनी देओल ने फिल्म ‘इक्का’ से ओटीटी की दुनिया में कदम रखा। हालांकि, उनका यह फैसला इतना आसान नहीं था। नेटफ्लिक्स की ओरिजिनल फिल्म्स की डायरेक्टर रुचिका कपूर शेख ने हाल ही में खुलासा किया कि सनी देओल शुरुआत में इस फिल्म को लेकर काफी असमंजस में थे।
एक्शन नहीं होने से परेशान थे सनी देओल
रुचिका कपूर शेख के मुताबिक, सनी देओल को फिल्म ‘इक्का’ में एक्शन सीक्वेंस नहीं होने की चिंता थी। दरअसल, सनी देओल की पहचान लंबे समय से एक एक्शन हीरो के रूप में रही है। ‘गदर 2’, ‘बॉर्डर 2’ और ‘जाट’ जैसी फिल्मों में उनके दमदार एक्शन को दर्शकों ने खूब पसंद किया है।
रुचिका ने बताया कि उन्होंने सनी देओल को समझाया कि ओटीटी की खूबसूरती यही है कि यहां किसी कलाकार को एक अलग अंदाज और नई कहानी के साथ पेश किया जा सकता है। उन्होंने सनी को कोर्टरूम ड्रामा में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि दर्शक उन्हें एक नए अवतार में देख सकेंगे।
‘मैं 60 साल का हो गया हूं, कैसे करूंगा डेब्यू?’
रुचिका ने बताया कि जब उन्होंने सनी देओल से नेटफ्लिक्स पर डेब्यू करने की बात कही तो अभिनेता ने हंसते हुए जवाब दिया, ‘मैं 60 साल का हो गया हूं, मैं डेब्यू कैसे कर सकता हूं?’
सनी देओल को यह भी चिंता थी कि ‘बॉर्डर 2’ के रिलीज होने के तुरंत बाद एक बिना एक्शन वाली फिल्म करना सही रहेगा या नहीं। उन्होंने रुचिका से पूछा था कि क्या वे इस फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।
हालांकि, बाद में सनी देओल ने फिल्म की टीम पर भरोसा जताया और अपना पूरा योगदान देने का फैसला किया।
‘इक्का’ में अक्षय खन्ना भी आए नजर
सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी ‘इक्का’ एक कोर्टरूम ड्रामा है। फिल्म में सनी देओल के साथ अक्षय खन्ना भी अहम भूमिका में नजर आए हैं। इसके अलावा दिया मिर्जा और तिलोत्तमा शोम भी फिल्म का हिस्सा हैं।
10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती दिनों में ही प्लेटफॉर्म पर नंबर वन स्थान हासिल किया था।
एक्शन हीरो से कोर्टरूम ड्रामा तक का सफर
सनी देओल का ‘इक्का’ के जरिए ओटीटी की दुनिया में आना उनके अभिनय सफर का एक नया अध्याय माना जा सकता है। अब तक बड़े पर्दे पर एक्शन और दमदार संवादों से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले सनी ने इस फिल्म में एक अलग तरह की भूमिका निभाई है। यह बदलाव दिखाता है कि लंबे अनुभव के बाद भी एक कलाकार नई भूमिकाओं और नए माध्यमों को अपनाने का साहस रखता है।









