डेस्क : निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा का किरदार निभाती दिखाई देंगी। हाल ही में रकुल ने अपने इस किरदार को लेकर खुलकर बात की और शूर्पणखा को रामायण का एक ऐसा पात्र बताया, जिसे अक्सर गलत तरीके से समझा गया है।
शूर्पणखा के किरदार में हैं कई परतें
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में रकुल प्रीत सिंह ने बताया कि फिल्म से जुड़ने के पीछे दो प्रमुख वजहें थीं। पहली यह कि यह फिल्म भारतीय इतिहास और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का एक बड़ा अवसर है। दूसरी वजह शूर्पणखा का जटिल और कई पहलुओं वाला व्यक्तित्व है।
रकुल के अनुसार, शूर्पणखा को आमतौर पर रामायण के एक विशेष प्रसंग तक सीमित कर दिया जाता है, जबकि उसके चरित्र में कई ऐसे पहलू हैं, जिन्हें समझना और पर्दे पर प्रस्तुत करना एक कलाकार के लिए दिलचस्प चुनौती है।
राम-रावण युद्ध की घटनाओं में अहम भूमिका
रामायण की कथा में शूर्पणखा का प्रसंग महत्वपूर्ण मोड़ लेकर आता है। वनवास के दौरान पंचवटी में शूर्पणखा की मुलाकात भगवान श्रीराम और लक्ष्मण से होती है। इसके बाद घटनाक्रम बदलता है और आगे चलकर रावण माता सीता का हरण कर लेता है। यही घटनाएं अंततः राम और रावण के बीच युद्ध का कारण बनती हैं।
रकुल का मानना है कि शूर्पणखा के व्यक्तित्व को केवल एक घटना के आधार पर नहीं देखना चाहिए। उसके चरित्र के विभिन्न पहलुओं को समझना जरूरी है।
रणबीर कपूर और यश के साथ नजर आएंगी रकुल
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में बड़े सितारों की टीम नजर आएगी। रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका में हैं।
फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के आसपास आने की उम्मीद है।
दर्शकों से की खुले मन से देखने की अपील
रकुल ने इससे पहले भी सोशल मीडिया पर एक प्रशंसक के पत्र का जवाब देते हुए शूर्पणखा के किरदार को लेकर अपनी सोच साझा की थी। उन्होंने कहा था कि इतिहास अक्सर इस पात्र को उसकी जिंदगी की एक घटना से याद करता है, जबकि उसकी कहानी में इससे कहीं अधिक है।
एक अभिनेत्री के तौर पर ऐसे किरदार उन्हें आकर्षित करते हैं, जो दर्शकों की पहले से बनी धारणा को चुनौती देते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि रकुल प्रीत सिंह पर्दे पर शूर्पणखा के इस नए रूप को किस तरह प्रस्तुत करती हैं।









