70 करोड़ के नकली सिक्का कारोबार में मधुबनी से एक और गिरफ्तारी

0

मधुबनी :  उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सामने आए नकली सिक्कों के बड़े कारोबार के मामले में पुलिस ने बिहार के मधुबनी जिले से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। सहारनपुर पुलिस ने स्थानीय राजनगर थाना पुलिस के सहयोग से लड्डूगांव में छापेमारी कर मिथिलेश चौरसिया को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी को अपने साथ सहारनपुर ले गई है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला करीब 70 करोड़ रुपये मूल्य के नकली सिक्कों को बाजार में खपाने के कथित नेटवर्क से जुड़ा है। इससे पहले 12 सितंबर को पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना उपकार लुथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें लड्डूगांव निवासी संतोष चौरसिया भी शामिल था। जांच के दौरान मिथिलेश चौरसिया का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

छापेमारी में मशीनें और नकली सिक्के बरामद

पुलिस की पिछली कार्रवाई के दौरान 20 रुपये के 6,400 कथित नकली सिक्के बरामद किए गए थे। इनकी कीमत करीब 1.28 लाख रुपये बताई गई थी। इसके अलावा लगभग 4.5 लाख रुपये मूल्य के अर्धनिर्मित सिक्के, छह मशीनें, सिक्के बनाने की डाई, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और धातु की शीट समेत अन्य सामान जब्त किया गया था।

जांच में सामने आया कि इन मशीनों की मदद से प्रतिदिन हजारों सिक्के तैयार किए जा सकते थे। पुलिस को आशंका है कि तैयार सिक्कों को विभिन्न माध्यमों से बाजार में पहुंचाया जाता था।

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

पुलिस इस मामले में नकली सिक्कों के निर्माण, उनकी सप्लाई और बाजार में वितरण से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। नए आरोपी की गिरफ्तारी से मामले में अन्य लोगों की भूमिका और कारोबार के तौर-तरीकों के संबंध में जानकारी मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल, आरोपी की कथित भूमिका की जांच जारी है। पुलिस पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।