डेस्क : लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट पर स्टैंडअप कॉमेडियन गौरव कपूर और गौरव गुप्ता की मौजूदगी को लेकर कॉमेडियन सुनील पाल ने नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में सुनील पाल ने शो में ऐसे कॉमेडियनों को बुलाए जाने पर सवाल उठाया और मेजबान अमिताभ बच्चन से भी इस बारे में तीखी टिप्पणी की।
दरअसल, ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट से गौरव कपूर और गौरव गुप्ता के वीडियो सामने आए हैं। इसके अलावा लेखक और कॉमेडियन वरुण ग्रोवर को भी शो के सेट पर देखा गया। इसके बाद सुनील पाल ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
‘गाली-गलौज करने वालों को मत बुलाइए’
सुनील पाल ने अपने वीडियो में कार्यक्रम के निर्माताओं से कहा कि वह लंबे समय से उन्हें ऐसे कॉमेडियनों को शो में नहीं बुलाने की सलाह दे रहे हैं, जिनकी कॉमेडी में कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल होता है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे लोगों को कार्यक्रम में क्यों बुलाया जाता है।
इसके बाद उन्होंने अमिताभ बच्चन को संबोधित करते हुए कहा कि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ को बच्चे और बुजुर्ग दोनों देखते हैं। इसलिए कार्यक्रम में आने वाले कलाकारों और उनकी भाषा को लेकर सावधानी बरती जानी चाहिए।
अमिताभ बच्चन से पूछा तीखा सवाल
सुनील पाल ने शो के प्रारूप का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यक्रम में 14 सवाल पूछे जाते हैं, लेकिन 15वां सवाल दुनिया अमिताभ बच्चन से पूछेगी। इसके साथ ही उन्होंने अमिताभ बच्चन से सवाल किया कि क्या वह इतने बड़े कलाकार होने के बावजूद अब ऐसे लोगों के भरोसे अपना शो चलाएंगे।
हालांकि, सुनील पाल ने अपने वीडियो में किसी कॉमेडियन का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। उन्होंने केवल आगामी कार्यक्रम में ऐसे दो लोगों के आने की बात कही।
पहले भी समय रैना पर उठा चुके हैं सवाल
यह पहली बार नहीं है जब सुनील पाल ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में कॉमेडियनों को बुलाए जाने पर सवाल उठाया है। इससे पहले उन्होंने समय रैना के कार्यक्रम में आने पर भी आपत्ति जताई थी। सुनील पाल का कहना रहा है कि उनकी नाराजगी किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल से है।
गौरव कपूर और गौरव गुप्ता की ओर से सुनील पाल की इस टिप्पणी पर अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।








