सीमापुरी में भरभराकर गिरी पांच मंजिला इमारत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

0

नई दिल्ली :  दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। ईदगाह मछली बाजार के पास एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि दमकल विभाग को दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद करते हुए मलबे से दो बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायलों को उपचार के लिए राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया है।

इमारत में रहते थे कई परिवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत के भूतल पर दुकानें थीं, जबकि ऊपर चार मंजिलों में अलग-अलग परिवार रहते थे। बताया जा रहा है कि भवन का मालिक और उसका परिवार भी इसी इमारत में रहता था और उनके भी मलबे में दबे होने की आशंका है। इमारत गली के अंदर की ओर स्थित थी।

बचाव अभियान जारी

घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और दमकलकर्मी मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। अभी तक हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसकी आधिकारिक संख्या सामने नहीं आई है। बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित

इमारत गिरने के बाद सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात भी प्रभावित हुआ है। दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों से इन मार्गों पर सावधानी बरतने और बचाव कार्य के दौरान रास्ता खाली रखने की अपील की है।