डेस्क : रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने उन्हें पूछताछ के लिए समन जारी किया था। हालांकि, निर्धारित तारीख पर हनी सिंह जांच अधिकारी के सामने पेश नहीं हुए। उन्होंने पेश होने के लिए जांच एजेंसी से कुछ और समय मांगा है।
मामला एक वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें दिल्ली में एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आए थे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस पर लोगों ने आपत्ति जताई और महाराष्ट्र साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई और हनी सिंह को अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया।
सोशल मीडिया पर मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि उनका उद्देश्य किसी को ठेस पहुंचाना या अपमानित करना नहीं था। हनी सिंह ने अपने बयान को सुरक्षित सेक्स और असुरक्षित संबंधों से होने वाले संक्रमण के प्रति युवाओं को जागरूक करने से जोड़ते हुए सफाई दी थी। उन्होंने यह भी कहा था कि जिस तरीके से उन्होंने अपनी बात रखी, वह कई लोगों को आपत्तिजनक लगा और इसके लिए उन्हें खेद है।
पहले भी विवादों में रहा है नाम
यह पहली बार नहीं है जब हनी सिंह को अपने गानों या मंचीय प्रस्तुति को लेकर कानूनी विवाद का सामना करना पड़ा है। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने उनके पुराने गीत ‘Volume 1’ से जुड़े मामले में सोशल मीडिया और फाइल-शेयरिंग प्लेटफॉर्म से संबंधित यूआरएल हटाने का निर्देश दिया था। अदालत ने गीत की सामग्री को अश्लील और महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताया था।
फिलहाल महाराष्ट्र साइबर सेल की जांच जारी है और हनी सिंह के आगे पेश होने को लेकर उनकी ओर से मांगे गए अतिरिक्त समय पर कार्रवाई की जा रही है।







