स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में नाबाद 44 रन की आक्रामक पारी खेलकर उन्होंने अपने टी20 करियर के 5000 रन पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के साथ तिलक वर्मा ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए सबसे कम पारियों में 5000 टी20 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में पांचवां स्थान हासिल किया।
तिलक ने यह मुकाम 166 पारियों में हासिल किया, जबकि विराट कोहली को 5000 रन पूरे करने के लिए 167 पारियां खेलनी पड़ी थीं। तिलक ने अब तक 175 टी20 मैचों में 5031 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 41.57 और स्ट्राइक रेट 145.36 रहा है।
केएल राहुल शीर्ष पर कायम
टी20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 5000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में केएल राहुल पहले स्थान पर हैं। उन्होंने यह उपलब्धि महज 143 पारियों में हासिल की थी। इस सूची में रुतुराज गायकवाड़ 145 पारियों के साथ दूसरे, शुभमन गिल 154 पारियों के साथ तीसरे और अभिषेक शर्मा 165 पारियों के साथ चौथे स्थान पर हैं।
तिलक वर्मा की यह उपलब्धि उनके आक्रामक और निरंतर प्रदर्शन को दर्शाती है। कम उम्र में टी20 क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाने वाले तिलक ने इस रिकॉर्ड के साथ भारतीय क्रिकेट में अपनी संभावनाओं को और मजबूत किया है।
भारत को मिली हार, लेकिन तिलक ने बनाया रिकॉर्ड
तिलक वर्मा की शानदार पारी के बावजूद भारतीय टीम दूसरे टी20 मुकाबले में जीत दर्ज नहीं कर सकी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 249 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने कप्तान शाइ होप के नाबाद 102 रन और शेरफेन रदरफोर्ड के 84 रनों की मदद से 18.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर दी।








