दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन पर केंद्र सतर्क, राज्यों से खुफिया समन्वय बढ़ाने को कहा

0

डेस्क : दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों को पत्र लिखकर दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने और खुफिया सूचनाएं साझा करने के निर्देश दिए हैं।

गृह सचिव ने पत्र में आशंका जताई है कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद संगठन के सदस्य और समर्थक विभिन्न राज्यों से दिल्ली पहुंचने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। राज्यों की पुलिस और खुफिया इकाइयों को दिल्ली पुलिस के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने तथा संभावित गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। बताया गया है कि आयोजकों ने निर्धारित समय-सीमा से काफी कम समय पहले आवेदन किया था। इसके अलावा, पूर्व में हुए प्रदर्शनों के दौरान नियमों के पालन और कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंताएं जताई गई थीं।

CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करना चाहती है। संगठन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। इसी मुद्दे को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारियां की जा रही थीं।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर

प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और सीमावर्ती क्षेत्रों सहित संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया है।

प्रशासन का उद्देश्य राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को होने वाली असुविधा को कम करना है। वहीं, प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।