नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो में बुजुर्गों के लिए आरक्षित सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। कथित तौर पर थप्पड़ मारने और धक्का देने के बाद 48 वर्षीय यात्री की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक पूर्व आईएएस अधिकारी और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। घटना आठ अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर हुई थी।
मृतक की पहचान पवन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पवन शर्मा अपनी मां दुर्गा देवी के साथ यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट को लेकर उनकी पूर्व आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह से कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, विवाद के दौरान पवन शर्मा को कथित तौर पर थप्पड़ मारा गया और धक्का दिया गया। इससे वह गिर पड़े और उनके सिर में चोट लग गई। मेट्रो कर्मचारियों ने उन्हें एंबुलेंस से लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मां की शिकायत पर मामला दर्ज
पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर नौ अक्टूबर को मामला दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद किन परिस्थितियों में बढ़ा और यात्री की मौत के लिए कौन-सी परिस्थितियां जिम्मेदार थीं।








