डेस्क : भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत द्विपक्षीय संबंधों तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की जानकारी देते हुए इसे सकारात्मक और सार्थक बैठक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई।
इससे पहले जयशंकर ने अबू धाबी में आयोजित रायसीना मिडिल ईस्ट फोरम के अंतर्गत ‘द वर्ल्ड अहेड: पावर, पर्पज एंड पॉसिबिलिटी’ विषय पर आयोजित सत्र में यूएई के विदेश मंत्री के साथ भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बदलती वैश्विक व्यवस्था, नए अंतरराष्ट्रीय गठबंधनों और बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
जयशंकर ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था में बदलाव की गति लगातार तेज हो रही है। इसके पीछे लंबे समय से जारी रुझानों के साथ-साथ तत्काल पैदा होने वाले संकट भी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग देश अपनी परिस्थितियों के अनुरूप नए साझेदारों और विकल्पों की तलाश कर रहे हैं। इसके लिए पारंपरिक दायरे से बाहर निकलकर अधिक व्यापक और प्रभावी रणनीतिक समझ विकसित करना जरूरी है।
विदेश मंत्री ने बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार को समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए कहा कि छोटे देशों और सीमित संख्या वाले देशों के समूहों के बीच मजबूत सहयोग इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने भारत और यूएई की साझेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में दोनों देशों ने बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप अपने संबंधों को मजबूत किया है।
जॉर्जिया की विदेश मंत्री से भी मिले जयशंकर
यूएई की यात्रा के दौरान जयशंकर ने जॉर्जिया की विदेश मंत्री माका बोचोरिशविली से भी मुलाकात की। इस बैठक में व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, संपर्क सुविधाओं, संस्कृति और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने मौजूदा क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए।
जयशंकर ने एक्स पर कहा कि भारत और जॉर्जिया के बीच व्यापार, पर्यटन तथा शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार हो रहा है। उन्होंने इन संबंधों को और गहरा करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
तीन दिवसीय दौरे पर यूएई पहुंचे हैं जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर 14 से 16 अक्टूबर तक की तीन दिवसीय यात्रा पर यूएई पहुंचे हैं। इस दौरे का उद्देश्य भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करना और दूसरे रायसीना मिडिल ईस्ट फोरम में भाग लेना है। अबू धाबी पहुंचने पर यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग मामलों की राज्य मंत्री रीम अल हाशिमी ने उनका स्वागत किया।
जयशंकर की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है। ऐसे में भारत और यूएई के बीच उच्चस्तरीय वार्ता को द्विपक्षीय सहयोग के साथ-साथ क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रमों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









