डेस्क : बोस्निया में यूरोपीय संघ के शांति अभियान के दौरान इटली का एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। हेलीकॉप्टर में कुल 15 लोग सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। इसी दौरान ब्रचको क्षेत्र के पास वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में इटली की सेना के दो जवानों और रेड क्रॉस से जुड़े दो सदस्यों की जान चली गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद राहत एवं बचाव दल ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। इटली के रक्षा मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं, यूरोपीय संघ के शांति मिशन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी आम नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि बोस्निया में यूरोपीय संघ का शांति अभियान वर्ष 2004 से जारी है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना तथा युद्ध के बाद हुए शांति समझौते के पालन में सहयोग करना है।









