डेस्क : देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। चक्रवात ‘अर्नब’ के कमजोर पड़ने के बावजूद उसके अवशेषों का असर देश के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। झारखंड और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर से राजस्थान तक ओलावृष्टि की आशंका
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कमजोर पड़ा चक्रवात, लेकिन बारिश का दौर जारी
मौसम में आए इस बदलाव के पीछे चक्रवात अर्नब के कमजोर होने के बाद बने निम्न दबाव क्षेत्र को प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसके अलावा दक्षिण अंडमान सागर के आसपास एक अन्य निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना भी जताई गई है। इसके प्रभाव से नवंबर के पहले सप्ताह तक पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा यात्रा से पहले स्थानीय मौसम चेतावनी की जानकारी लेने की सलाह दी है।









