CRPF के लिए ऐतिहासिक साल, 12 महीने में एक भी जवान शहीद नहीं

0

(CRPF) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल  ने देश की आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर एक ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। लगातार 12 महीने यानी पूरा 1 साल का समय बीत चुका है और इस दौरान फोर्स के किसी भी जवान की ‘ऑपरेशनल कैजुअल्टी’ (ऑपरेशन के दौरान शहादत) नहीं हुई है। सीआरपीएफ के महानिदेशक (DG) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह सिंह ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि की आधिकारिक जानकारी साझा की है।
सीआरपीएफ के इतिहास में यह ऐतिहासिक पड़ाव 47 साल बाद आया है। इससे पहले बिना किसी ऑपरेशनल शहादत का ऐसा 1 साल का दौर जनवरी 1979 में खत्म हुआ था।

30 अक्टूबर 2025 को हुई थी आखिरी शहादत

जीपी सिंह ने बताया कि फोर्स में आखिरी ऑपरेशनल शहादत 30 अक्टूबर 2025 को दर्ज की गई थी। इसके बाद से पिछले 12 महीनों से लगातार देश के सबसे चुनौतीपूर्ण इलाकों में तैनात रहने के बावजूद किसी जवान की जान नहीं गई है।

अपने X हैंडल पर सीआरपीएफ डीजी ने लिखा, “सीआरपीएफ के इतिहास में यह एक बेहद महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। फोर्स में आखिरी ऑपरेशनल शहादत 30 अक्टूबर 2025 को हुई थी। 47 साल बाद ऐसा हुआ है जब लगातार एक साल तक बिना किसी जवान को खोए बल ने अपने ऑपरेशन्स को सफलता के साथ अंजाम दिया है।”

आधुनिक हथियार, एयर-इवैकुएशन और बेहतर रणनीति का असर

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे के मुख्य कारणों को गिनाते करते हुए DG जीपी सिंह ने तीन प्रमुख बातें बताईं:

आधुनिक हथियार और तकनीक: जवानों को आधुनिक उपकरण, बख्तरबंद गाड़ियां और एडवांस हार्डवेयर मुहैया कराए गए हैं।

बेहतर ट्रेनिंग और रणनीति: जमीनी स्तर पर सटीक सामरिक योजना और हाई-लेवल ट्रेनिंग ने हादसों और जोखिमों को बेहद कम कर दिया है।

हाई-स्पीड मेडिकल इवैकुएशन: किसी भी मुठभेड़ या घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को एयर एम्बुलेंस और अत्याधुनिक मेडिकल सुविधाओं तक रिकॉर्ड समय में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, जिससे कई जवानों की जान बचाई जा सकी।

नक्सल और कश्मीर मोर्चे पर सघन तैनाती के बीच सफलता

सीआरपीएफ महानिदेशक ने स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि किसी शांति वाले इलाकों में नहीं, बल्कि देश के सबसे संवेदनशील और सक्रिय ऑपरेशनल क्षेत्रों में हासिल हुई है।

वर्तमान में सीआरपीएफ छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी अभियानों, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन्स और उत्तर-पूर्व में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे तैनात है। फोर्स ने इन सभी मोर्चों पर कई बड़े और निर्णायक ऑपरेशन पूरे किए हैं। डीजी सिंह ने दोहराया कि सीआरपीएफ देश को सुरक्षित और शांत बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।