ट्रंप का बड़ा ऐलान: अमेरिका का रक्षा बजट 1.5 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ेगा, ईरान को दी कड़ी चेतावनी

0

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को अगले साल देश के रक्षा खर्च को बढ़ाकर 1.5 ट्रिलियन डॉलर करने की घोषणा की। ट्रंप ने कहा कि यह निवेश अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ देश में रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।

पेंसिल्वेनिया डिफेंस एंड इनोवेशन समिट को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनके प्रशासन ने पहले ही अमेरिकी सेना में रिकॉर्ड निवेश किया है और अब रक्षा क्षेत्र को और मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है।

ट्रंप ने कहा, “हमने अमेरिकी सेना में रिकॉर्ड 1 ट्रिलियन डॉलर का निवेश किया है और अगले साल इसे बढ़ाकर 1.5 ट्रिलियन डॉलर करने जा रहे हैं। हमें इसकी जरूरत है।”

उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ रक्षा खर्च केवल सैन्य ताकत बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे अमेरिकी उद्योगों और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि सैन्य उपकरणों का निर्माण अमेरिका में ही किया जाएगा।

ट्रंप ने कहा, “यह सब अमेरिका में बनाया जाएगा। इसे सिर्फ खर्च के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि यह रोजगार पैदा करता है।”

पहले कार्यकाल में सेना को मजबूत करने का दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पिछले कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पहले कार्यकाल में अमेरिकी सेना को मजबूत किया और दूसरे कार्यकाल में उसी सैन्य क्षमता का इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा, “मैंने अपने पहले कार्यकाल में सेना का निर्माण किया और दूसरे कार्यकाल में उसका इस्तेमाल किया।”

वेनेजुएला अभियान का किया जिक्र

ट्रंप ने वेनेजुएला में हुए अमेरिकी सैन्य अभियान का जिक्र करते हुए दावा किया कि यह कार्रवाई बेहद कम समय में पूरी हुई और इससे अभियान की लागत कई गुना अधिक वसूल हो चुकी है।

उन्होंने कहा, “वेनेजुएला का अभियान वास्तव में 48 मिनट का था, लेकिन इसे एक दिन मान लेते हैं। हमने उस युद्ध की लागत को 50 गुना से ज्यादा वापस हासिल कर लिया है।”

ट्रंप यह टिप्पणी जनवरी 2026 में हुए कथित अमेरिकी सैन्य अभियान के संदर्भ में कर रहे थे, जिसमें वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने और हिरासत में लेने का दावा किया गया था। ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला से प्राप्त तेल संसाधनों ने इस अभियान की लागत को कई गुना पूरा कर दिया है।

ईरान को ट्रंप की चेतावनी, कहा- “उन्हें कहानी पता है”

ट्रंप की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। समिट के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने ईरान को किसी समयसीमा की चेतावनी दी है, जिसके बाद अमेरिका नागरिक ठिकानों को निशाना बना सकता है, तो ट्रंप ने कहा कि वह समयसीमा देना पसंद नहीं करते, लेकिन ईरान को स्थिति की पूरी जानकारी है।

उन्होंने कहा, “मुझे समयसीमा देना पसंद नहीं है, लेकिन उन्हें कहानी पता है। उन्हें बेहतर व्यवहार करना चाहिए।”

इससे पहले फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान बातचीत की मेज पर वापस नहीं आता है तो अमेरिका उसके पावर प्लांट और पुलों जैसे बुनियादी ढांचों को निशाना बना सकता है।

ट्रंप ने कहा था, “हम उन पर बहुत कड़ा प्रहार करेंगे। अगले सप्ताह से उनके पावर प्लांट और पुल निशाने पर होंगे। हम उनके सभी पावर प्लांट और पुलों को तबाह कर देंगे, जब तक वे बातचीत के लिए तैयार नहीं होते।”

उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वॉशिंगटन के साथ समझौता नहीं हुआ तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।