सिक्किम सुरंग हादसा: 8 मजदूरों की मौत, 27 फंसे

0

डेस्क : सिक्किम के नामची जिले में सोमवार को एक निर्माणाधीन सुरंग का हिस्सा ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कम से कम आठ मजदूरों की मौत की खबर है, जबकि करीब 27 मजदूरों के सुरंग के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई है। सुरंग में गैस रिसाव के कारण राहत और बचाव अभियान में भी मुश्किलें आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, भूस्खलन के कारण सुरंग का प्रवेश मार्ग बंद हो गया, जिससे कई मजदूर अंदर फंस गए। बचाव अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की टीमें जुटी हुई हैं। सुरंग के भीतर गैस की मौजूदगी के कारण बचावकर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा और कुछ कर्मियों के चक्कर आने तथा बेहोश होने की सूचना है।

अधिकारियों के अनुसार, गैस मास्क से लैस बचावकर्मी सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। घटनास्थल पर एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और प्राथमिकता सुरंग में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।