श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। श्रीनगर का प्रसिद्ध लाल चौक भी पानी में डूब गया है। खराब मौसम और बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा को दोनों प्रमुख मार्गों से अस्थायी रूप से रोक दिया है।
भारी बारिश के कारण जम्मू संभाग के कई क्षेत्रों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। हादसों में अब तक 17 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी है। लगातार बारिश के चलते बचाव कार्यों में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने भी आने वाले समय में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। ऐसे में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अपना दिल्ली दौरा छोटा कर दिया है। वह वापस लौटकर प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की निगरानी करेंगे और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।








