बरेली में हनीट्रैप का आरोप, युवक से दो लाख रुपये वसूले; रेप केस में फंसाने की धमकी

0

डेस्क :  उत्तर प्रदेश के बरेली में एक युवक ने एक महिला पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और करीब दो लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि रुपये देने के बाद भी उसे यौन शोषण के झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी गई। मामले में थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

इज्जतनगर क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी निवासी अभिषेक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांधीपुरम निवासी अमृत कौर ने 28 अप्रैल को उसके खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाते हुए थाना बारादरी में शिकायत की थी। पीड़ित के अनुसार, इससे पहले महिला नकद और ऑनलाइन माध्यम से उससे करीब दो लाख रुपये ले चुकी थी।

अभिषेक का आरोप है कि जब उसने आगे रुपये देने से इनकार किया तो उसे झूठे यौन शोषण के मुकदमे में फंसाने, जेल भिजवाने और परिवार को बर्बाद करने की धमकियां दी जाने लगीं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, थाना प्रेमनगर पहुंचने पर महिला और उसके साथियों ने भी रुपये नहीं देने पर जेल जाने की धमकी दी।

पीड़ित ने मामले की शिकायत सीओ सिटी से की, जिसके बाद थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज की गई। अभिषेक ने यह भी दावा किया है कि आरोपी महिला के खिलाफ प्रेमनगर थाने में पहले से रंगदारी का एक मामला दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।