फुकेट-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी, कई यात्री और क्रू मेंबर घायल

0

नई दिल्ली : फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। हवा के तेज झटकों के कारण विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया, जिससे कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं। विमान ने सुबह करीब 8:30 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की।

एयर इंडिया के मुताबिक, फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक परिवर्तन हुआ। हालांकि, पायलटों ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित दिल्ली पहुंचाया। लैंडिंग के बाद सभी यात्री और क्रू सदस्य विमान से सुरक्षित बाहर निकल गए।

घटना के बाद मामूली रूप से घायल यात्रियों और क्रू सदस्यों को एहतियातन चिकित्सकीय जांच के लिए एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर ले जाया गया। कुछ घायल यात्रियों को आगे के इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल तथा वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल और स्पाइन इंजुरी सेंटर ले जाया गया।

एयर इंडिया ने कहा कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। एयरलाइन की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ ने प्रभावित यात्रियों और क्रू सदस्यों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। एयर इंडिया ने घटना की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग करने की बात भी कही है।

एयरलाइन के अनुसार, यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और घटना से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।