असम के सीआरपीएफ कैंप में सनसनी, एएसआई ने दो साथियों को गोली मारकर खुदकुशी की

0

डेस्क : असम के नगांव जिले में मंगलवार सुबह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कैंप में गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। कैंप में तैनात एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) ने अपनी सर्विस राइफल से दो साथी जवानों की गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी में एक अन्य जवान घायल हो गया। इसके बाद एएसआई ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना सीआरपीएफ की 34वीं बटालियन के कटिमारी कैंप में सुबह करीब सात बजे हुई। पुलिस के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक बल्लानी प्रेमाबरम कैंप के मुख्य द्वार पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने अचानक अपने साथियों पर सर्विस राइफल से गोलियां चला दीं।

दो जवानों की मौत, एक घायल

गोलीबारी में हेड कांस्टेबल विष्णु प्रसाद बघेल और उप निरीक्षक रामनवल सिंह यादव की मौत हो गई। वहीं, सहायक उप निरीक्षक गोविंद श्रीपुल गोली लगने से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

साथियों पर गोली चलाने के बाद एएसआई बल्लानी प्रेमाबरम ने उसी सर्विस राइफल से खुद को भी गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

गोलीबारी की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शुरुआती जानकारी में गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि एएसआई ने अचानक अपने साथियों पर गोली क्यों चलाई।

घटना के बाद कैंप में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।