डेस्क : सबसे सफल अभिनेता-निर्देशक जोड़ियों में शुमार गोविंदा और डेविड धवन ने 90 के दशक में एक के बाद एक कई हिट फिल्में दीं। ‘राजा बाबू’, ‘कुली नंबर 1’, ‘हीरो नंबर 1’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ जैसी फिल्मों ने दोनों की जोड़ी को खास पहचान दिलाई। हालांकि, करीब 17 फिल्मों के साथ काम करने के बाद दोनों ने साथ काम करना बंद कर दिया। अब गोविंदा ने इस रिश्ते और साझेदारी के खत्म होने की वजह पर खुलकर बात की है।
‘मुझे लगा उन्होंने अपनी सोच के हिसाब से फैसला लिया’
गोविंदा ने एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने डेविड धवन के साथ 17 फिल्में की थीं और वह आगे भी उनके साथ काम करना चाहते थे। अभिनेता के मुताबिक, एक समय डेविड धवन को लगा कि वह गोविंदा के साथ अब आगे काम नहीं कर सकते और यहीं से उनकी पेशेवर साझेदारी रुक गई।
गोविंदा ने कहा कि वह चाहते थे कि दोनों साथ में 18वीं और 19वीं फिल्म भी करें, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अभिनेता ने कहा कि उन्हें लगा कि डेविड धवन ने अपनी सोच के मुताबिक यह फैसला लिया और उन्हें इस बात को लेकर कभी कोई संदेह नहीं रहा।
नाराजगी के बावजूद रिश्ता बना रहा
गोविंदा ने यह भी स्पष्ट किया कि काम का रिश्ता खत्म होने के बावजूद डेविड धवन के साथ उनका व्यक्तिगत रिश्ता पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। उन्होंने माना कि कभी-कभी वह डेविड से नाराज भी हो जाते थे और उन्हें फोन करते थे।
अभिनेता ने डेविड धवन की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक अच्छे इंसान हैं। गोविंदा के मुताबिक, आज भी जब उनके बारे में बातचीत होती है तो डेविड भावुक हो जाते हैं।
डेविड ने भी हाल में गोविंदा को किया फोन
गोविंदा ने बताया कि डेविड धवन की हालिया फिल्म की रिलीज से पहले उन्होंने उन्हें फोन किया था और मिलने की इच्छा जताई थी। फिल्म रिलीज होने के बाद डेविड ने उन्हें फोन किया और कहा कि वह अपनी परेशानियों से बाहर निकलें। गोविंदा के इस बयान से साफ है कि वर्षों से साथ काम नहीं करने के बावजूद दोनों के बीच व्यक्तिगत जुड़ाव अब भी कायम है।
कादर खान को भी किया याद
इंटरव्यू के दौरान गोविंदा ने अपने एक और करीबी फिल्मी साथी दिवंगत अभिनेता और लेखक कादर खान को भी याद किया। उन्होंने बताया कि कादर खान के साथ उनकी संवाद अदायगी और कॉमिक केमिस्ट्री बेहद खास थी।
गोविंदा ने कहा कि कादर खान की वजह से वह अभिनय में मौजूद उस खास लय और संवाद की ‘प्री-प्रोग्रामिंग’ को बेहतर तरीके से समझ सके। उन्होंने यह भी याद किया कि एक बार कादर खान ने उनका हाथ चूमकर कहा था कि ‘तुममें बात है गोविंदा।’
गोविंदा और कादर खान ने ‘कुली नंबर 1’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘दूल्हे राजा’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘हसीना मान जाएगी’ और ‘आंटी नंबर 1’ समेत कई फिल्मों में साथ काम किया था।








